श्रीविजयनगर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सुशील मिड्ढा उर्फ बिट्टू मिड्ढा ने 15 वोट लेकर जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के राजेंद्र लेघा को 5 वोट से हराया। राजेंद्र लेघा को 10 वोट मिले। जीत की खबर मिलते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। बता दें, 21 सितंबर को मतदान से पहले हुई फायरिंग और पार्षदों को कथित तौर पर उठाने के आरोपों के बाद हाईकोर्ट पहुंचा था। सभी 25 पार्षदों ने इस चुनाव में मतदान किया था, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के बाद रिजल्ट को रोक लिया गया था। पार्षद को बंदूक दिखाकर अगवा करने का आरोप लगाया था अध्यक्ष पद के लिए मतदान वाले दिन रायसिंहनगर से श्रीविजयनगर आ रहे तीन पार्षदों विजय कुमार तिन्ना, मंगतराम धानक और प्यारेलाल को बाजूवाला रोड पर नर्सरी के पास रोकने, फायरिंग करने और कथित तौर पर उन्हें अपने साथ ले जाने के आरोप लगे। इस घटना की खबर मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षदों के परिजन श्रीविजयनगर थाने पहुंचे। विधायक सोहनलाल नायक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और पार्षदों को वापस लाकर मतदान कराने की मांग की। थाने के बाहर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव भी बढ़ गया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इस बीच, विजय कुमार तिन्ना की पत्नी ने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका लगाई। याचिका में विजय कुमार को बंदूक दिखाकर अगवा करने का आरोप लगाया गया। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान श्रीगंगानगर एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने का निर्देश दिया। शाम सवा सात बजे सभी पार्षदों ने मतदान किया पुलिस ने मंगतराम और प्यारेलाल को ढूंढकर मतदान केंद्र पहुंचाया और दोनों ने मतदान किया। विजय कुमार तिन्ना की तलाश चलती रही। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मतदान का समय भी बढ़ाया गया। शाम करीब सवा सात बजे पुलिस विजय कुमार तिन्ना को लेकर मतदान केंद्र पहुंची, जिसके बाद उन्होंने भी मतदान किया। इसके साथ ही नगरपालिका के सभी 25 पार्षदों का मतदान पूरा हुआ। मतदान के बाद चुनाव परिणाम को लेकर हाईकोर्ट की रोक के कारण मतगणना तत्काल नहीं हो सकी। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… श्रीविजयनगर में पुलिस से भिड़े कांग्रेस समर्थक, परिणाम रोका: अनूपगढ़, रायसिंहनगर, श्रीकरणपुर में भाजपा, घड़साना में कांग्रेस का बोर्ड बना श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव से पहले पुलिस और कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हो गई। (पूरी खबर पढ़ें…)