भास्कर न्यूज| भरतपुर नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने के साथ जिला प्रशासन ने जिले के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश और मुख्यालय छोड़ने को लेकर सख्ती कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर कमर चौधरी ने इसके लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। आदेश के अनुसार चुनाव ड्यूटी में नहीं लगाए गए कर्मचारी सक्षम अधिकारी से नियमानुसार अवकाश स्वीकृत कराकर जा सकेंगे, लेकिन चुनाव में ड्यूटी लगने पर उन्हें तत्काल वापस उपस्थित होना होगा।नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद जिला प्रशासन ने अधिकारी- कर्मचारियों के अवकाश और मुख्यालय छोड़ने पर सख्ती कर दी है। कलेक्टर कमर चौधरी ने निर्देश जारी किए हैं। चुनाव ड्यूटी वालों की छुट्टी प्रभारी अधिकारी तय करेंगे:- जिन कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगी है, उन्हें अवकाश के लिए संबंधित प्रभारी अधिकारी या रिटर्निंग अधिकारी से स्वीकृति लेनी होगी। यानी चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी सामान्य प्रक्रिया से छुट्टी नहीं ले सकेंगे। वहीं चुनाव ड्यूटी लगी हो या नहीं, जिला स्तरीय अधिकारियों को मुख्यालय छोड़ने से पहले जिला निर्वाचन अधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराना अनिवार्य होगा। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की छुट्टी प्रभारी या रिटर्निंग अधिकारी तय करेंगे।