सुहागपुरा में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी के लॉक तोड़कर 1 लाख 85 हजार रुपए नकद सहित लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा टूटा देखा तो परिवार को सूचना दी। सुहागपुरा निवासी राजेश-राधावल्लभ सोनी ने बताया कि सोमवार शाम उनका परिवार धरियावद में रिश्तेदार के यहां वास्तु कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर सूना था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर घर से कुल 1 लाख 85 हजार रुपए नकद ले गए। इसमें गुल्लक में रखे 8 से 10 हजार रुपए, बच्ची के दस्तूर के 13 हजार रुपए और पत्नी के 15 हजार रुपए भी शामिल थे। डेढ़ किलो चांदी समेत सोने के जेवर चोरी चोरों ने घर से करीब 1.5 किलो गिरवी रखी चांदी की कातरिया, हाकरी और बड़ेलिया चोरी कर ली। इसके अलावा 200 से 250 ग्राम अन्य चांदी के आभूषण भी ले गए। घर से करीब 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, 5 ग्राम के कान के सेलर और 3 ग्राम की अंगूठी भी चोरी हुई है। परिवार के अनुसार, चोरी हुए जेवर और नकदी की कुल कीमत लाखों रुपए है। दो अन्य मकानों में भी घुसने का प्रयास चोरों ने इसी रात आसपास के दो अन्य मकानों में भी घुसने का प्रयास किया। एक मकान में उन्हें कुछ नहीं मिला। वहीं, दूसरे मकान में लोगों के जाग जाने पर बदमाश मौके से भाग निकले। वारदात की सूचना मिलते ही सुहागपुरा थाना एसएचओ कमलचंद मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रतापगढ़ एसपी कार्यालय से विशेष टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश कर रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।