पड़ोसी राज्य दिल्ली में स्वाइन फ्लू कहर बरपा रहा है। गुजरात में चांदीपुरा वायरस ने 22 बच्चों की जान ले ली। राजस्थान के 8 बच्चे भी इसकी जद में आए, तीन की मौत हो गई। पिछले 2 माह से इन दोनों का कहर है। स्वाइन फ्लू दस्तक दे चुका। लेकिन, एक माह बाद चिकित्सा मंत्री ने अफसरों की मीटिंग बुलाई। अफसरों ने दोनों तरह के वायरस के प्रदेश पर हमले की जानकारी ही नहीं दी। इस कारण मंत्री ने केवल डेंगू, मलेरिया और मौसमी वायरल बुखार की रिपोर्ट लेकर इतिश्री कर ली। गौरतलब है कि डूंगरपुर के रतनपुरा चौरासी, बांसवाड़ा और सिरोही के 3 बच्चों की 1 से 20 जुलाई के बीच चांदीपुरा वायरस से मौत हुई थी। विभाग ने मौतों के बाद 8 गांवों में सैंपल लेकर पल्ला झाड़ दिया। सिरोही के सियावर गांव में 2 साल की बच्ची की मौत के बाद 21 जुलाई को विभाग ने अलर्ट जारी कर पर्दा डाल दिया। आज तक मौतों को रिकॉर्ड पर नहीं लिया। बता दें कि अकेले दिल्ली के गौतम बुद्ध नगर में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 120 केस सामने आए हैं। जयपुर में 5 सहित जोधपुर और उदयपुर में स्वाइन फ्लू केस सामने आ चुके। रामदेवरा मेले में लगाए डॉक्टर, पिछली बार मलेरिया फैला था मंत्री ने जैसलमेर जिले में आयोजित किए जाने वाले बाबा रामदेव के रामदेवरा मेले के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की मांग के अनुरूप स्टाफ एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश दिए हैं। पिछले साल मेले के समय जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के इलाकों में मलेरिया ने भयंकर रूप ले लिया था। हाई रिस्क क्षेत्र ही तय नहीं किए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने सख्ती से पूछा कि क्या मौसमी बीमारियों के लिए हाई रिस्क क्षेत्र तय कर लिए। वायरल, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, स्क्रबटाईफस, स्वाइन फ्लू से बचाव तभी होगा जब हाई रिस्क क्षेत्र में टीम बनाकर नियमित रूप से निगरानी की जाएगी। उन्होंने सभी संयुक्त निदेशकों एवं सीएमएचओ को प्रो-एक्टिव एप्रोच के साथ विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अब 3 दिन में मांगी डॉक्टरों, नर्सेज के खाली पदों की रिपोर्ट मंत्री ने प्रमुख सचिव सहित अफसरों से पूछा कि कितने स्थान हैं जिनमें एक ही पद पर 2-2 लोग लगे हुए हैं। अफसर चुप रह गए। मंत्री ने सख्ती से कहा कि किसी भी स्थिति में एक पद पर एक से अधिक लोग नहीं रहें। पूरे प्रदेश की 3 दिन में रिपोर्ट दें। संयुक्त निदेशक अगले 3 दिन में रिपोर्ट भेजेंगे।