भास्कर न्यूज |बाटोदा अनंत चतुर्दशी पर कस्बे में 12 दिन से चल रहे गणेश महोत्सव का शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर गणेश प्रतिमा की पूरे कस्बे में विभिन्न मार्गो से विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान कस्बे में धार्मिक उत्सव का माहौल नजर आया। विसर्जन यात्रा में गणेशजी की प्रतिमा के साथ विभिन्न देवी-देवताओं से जुड़ी जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों को देखने के लिए मार्ग में लोग जुटे रहे। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। कलाकारों ने दिखाए अखाड़े के करतब: शोभायात्रा के दौरान बाहर से आए अखाड़ेबाज कलाकारों ने विभिन्न प्रकार के हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। कलाकारों के प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। अखाड़े के सदस्यों ने शारीरिक कौशल और पारंपरिक कला का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के बाद अनंत चतुर्दशी पर निकली विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा में शामिल झांकियों, कलाकारों के प्रदर्शन और श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरे कस्बे में उत्सवी माहौल बना रहा। गणेश प्रतिमा को निर्धारित स्थान पर ले जाकर विसर्जन किया गया।