भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर में मौसम में ठंडक आने लगती है, लेकिन इस बार झुंझुनूं जिले में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। पिलानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार चला गया है। यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा। अक्टूबर में औसतन अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री के आसपास रहता है। न्यूनतम तापमान करीब 17.5 डिग्री रहता है। इस लिहाज से अक्टूबर की शुरुआत में दर्ज 40 डिग्री तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार आगामी दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की कमी और एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम बनने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से हवाओं के रुख में बदलाव के साथ ही धीरे-धीरे रातों के तापमान में गिरावट आएगी और गुलाबी ठंडक का अहसास शुरू होने लगेगा। झुंझुनूं । कृषि क्षेत्र में नए प्रयोग और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहन देने के लिए आत्मा योजना के तहत वर्ष 2026-27 के पुरस्कारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। योजना के तहत पंचायत समिति, जिला और राज्य स्तर पर सफल किसानों को 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपए तक की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है। पंचायत समिति स्तर 5 किसान चुने जाएंगे। इन्हें 10-10 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा।