अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में एक संदिग्ध कबूतर मिला है। इसके पैर में एक छल्ला बंधा था, जिस पर एक नंबर लिखा हुआ था। स्थानीय लोगों ने कबूतर को संदिग्ध हालत में देखकर पुलिस और बीएसएफ को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने कबूतर को अपने कब्जे में ले लिया। पैर में नंबर वाला छल्ला मिलने से सीमा पार से जासूसी या किसी गलत इस्तेमाल का शक गहरा गया है। सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है और कबूतर की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कहीं इसका इस्तेमाल जासूसी या तस्करी के लिए तो नहीं किया गया था। सीमावर्ती इलाकों में पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र में शीतकालीन सत्र में UCC बिल पेश करने की तैयारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आगामी शीतकालीन सत्र में UCC बिल पेश किया जा सकता है। जस्टिस रंजना देसाई की अध्यक्षता वाली 7 सदस्यीय समिति मसौदा तैयार कर रही है। समिति को रिपोर्ट देने के लिए 6 महीने का समय दिया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… जम्मू-कश्मीर के रियासी में मिनीबस हादसा; 2 की मौत, 5 घायल जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सोमवार को रियासी-बकल मार्ग पर बटलगला सुरंग के पास एक यात्री मिनीबस पलट गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को रियासी जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. करमवीर सिंह के मुताबिक, अस्पताल में कुल 7 लोगों को लाया गया था। इनमें 2 को मृत अवस्था में लाया गया, 2 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जबकि 3 का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर होटल में घुसी तेज रफ्तार बस, 1 की मौत; कई घायल तेलंगाना के रंगारेड्डी में सोमवार सुबह एक निजी बस ने शमशाबाद के पास हाईवे किनारे खड़े वाहनों और एक होटल को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है और मामले की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, हादसे में 5-6 वाहन क्षतिग्रस्त हुए और होटल का बड़ा हिस्सा भी टूट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि होटल में रखा सामान पूरी तरह खराब हो गया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे में एक बच्चे को भी चोट लगी है। पुलिस ने मौके की जांच शुरू कर दी है। दिल्ली की फैक्ट्री में आग, घबराकर इमारत से कूदे 6 लोग घायल दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई। आग ग्राउंड और पहली मंजिल पर लगी थी। फैक्ट्री के अंदर उस समय कोई नहीं था, लेकिन पास की इमारत में रहने वाले लोग घबरा गए और 6 लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे, नीचे कूद गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर है। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 11:05 बजे आग की सूचना मिली, जिसके बाद 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझा दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बच्चे और एक महिला खिड़की से कूदते दिखाई दे रहे हैं। नीचे मौजूद लोग चादर और गद्दे लगाकर उन्हें सुरक्षित उतारने की कोशिश करते नजर आए। पुलिस आग लगने के कारण और नुकसान की जांच कर रही है। केरलम में लूट के दौरान युवक को बांधकर बेरहमी से पीटा, हाथ-पसलियों में फ्रैक्चर, ICU में भर्ती केरलम के अलुवा रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह 28 साल के युवक पर दो लोगों ने हमला कर लूटपाट की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले युवक के सिर पर पत्थर मारा, फिर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर पास की नहर में फेंक दिया। एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने जमीन पर पड़े युवक की पसलियों पर ग्रेनाइट के पत्थर से कई बार वार किया, जिससे दाईं तरफ की तीन पसलियां टूट गईं। उसका दायां हाथ भी फ्रैक्चर हुआ है। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उसके बैग से 1,000 रुपए और गले की चेन ले ली। घायल युवक का निजी अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से संदिग्धों की तलाश कर रही है। महाराष्ट्र के ठाणे में 34.18 करोड़ की हेरोइन जब्त, सरगना व 4 पर मकोका का केस दर्ज महाराष्ट्र में ठाणे ​की पुलिस ने 34.18 करोड़ रु. की 9.8 किग्रा हेरोइन जब्ती मामले में सरगना अमजद यूसुफ पठान और उसके 4 साथियों पर मकोका का केस दर्ज किया है। पठान पर महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हत्या, दंगे और ड्रग्स तस्करी के 20 मामले दर्ज हैं। वहीं, केरल पुलिस ने यूपी के नोएडा से एमडीएमए ड्रग सप्लायर अजमल और उसकी साथी सूर्या को गिरफ्तार किया है। बेंगलुरु में मेडिकल मालिक ने 90 अस्पतालों में कैंसर की फर्जी दवाएं भेजीं, गिरफ्तार कर्नाटक पुलिस की एसआईटी और ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने ‘कृपा हेल्थकेयर’ मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर फर्जी दवा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। दुकान मालिक वीरेश कुमार जैन को गिरफ्तार किया गया है। नेटवर्क पर बेंगलुरु के 90 से अधिक अस्पतालों और क्लिनिकों को 50% डिस्काउंट पर नकली कैंसर, आईसीयू और जीवनरक्षक दवाएं सप्लाई करने का आरोप है। रैकेट में 15 से ज्यादा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) शामिल हैं। इस रैकेट के तार हरियाणा, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से जुड़े हैं। अहमदाबाद में दो मंजिला मकान ढहने से एक की मौत, तीन घायल अहमदाबाद के खाड़िया इलाके में रविवार शाम एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक ढह गया, जिसके मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायर विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, घटना एक संकरी गली में हुई। मकान गिरने से चार लोग मलबे के नीचे फंस गए थे। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मराठा आरक्षण को लेकर जरांगे पाटिल की 19 सितंबर से आजाद मैदान में अनशन की चेतावनी मराठा आरक्षण की मांग को लेकर कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार को आठ दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि यदि इस अवधि में मराठा समुदाय की आरक्षण संबंधी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वह 19 सितंबर को मुंबई के आजाद मैदान में आमरण अनशन शुरू करेंगे। जालना में मीडिया से बातचीत में जरांगे पाटिल ने कहा कि सरकार के पास अब आठ दिन का समय बचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 19 सितंबर को सुबह 10 बजे से वह आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। गुजरात के भावनगर में नकली शराब बनाने की यूनिट का भंडाफोड़, रेलवे कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार गुजरात के भावनगर जिले में पुलिस ने कथित तौर पर नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक यूनिट का भंडाफोड़ किया है। मामले में रेलवे कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय अपराध शाखा (LCB) को मिली सूचना के आधार पर बोर तलाव थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में एक ठिकाने पर छापेमारी की गई। इस दौरान अक्षयराजसिंह गोहिल, विजय मकवाना और जितेंद्र नवाडिया को गिरफ्तार किया गया। उप पुलिस अधीक्षक आर आर सिंघल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अक्षयराजसिंह गोहिल रेलवे कर्मचारी है। मौके से विदेशी शराब की बोतलें, बोतलों पर चिपकाने के लिए स्टिकर और ढक्कन लगाने वाली मशीनें जब्त की गई हैं।