309 निकायों के चुनाव में मेयर, सभापति चुनाव में क्रास वोटिंग करने वाले 346 पार्षदों को कांग्रेस पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएगी। निलंबन की कार्रवाई की तैयारी है। इसको लेकर हर जिले के निकायों में क्रॉस वोटिंग वाले पार्षदों की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग को लेकर पूर्व स्पीकर सीपी जोशी के संयोजन में जांच कमेटी गठित की है। पीसीसी ने इसमें रामसिंह कस्वां, मुरारीलाल मीणा, कुलदीप इंदौरा, प्रमोद जैन भाया, शकुंतला रावत, हाकम अली, गणेश घोघरा और रघुवीरसिंह राठौड़ को शामिल किया है। ये कमेटी 7 दिन में रिपोर्ट देगी। अजमेर, कोटा और पाली जैसे निगमों में भी पार्टी में बगावत और क्रास वोटिंग से एआईसीसी खासी नाराज है। पीसीसी चीफ गोविंदसिंह डोटासरा को दिल्ली बुलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश मिल चुके। लेकिन भीलवाड़ा में पार्षदों को टिकट मिलने के बाद 2 नेताओं की लड़ाई में 17 सिंबल जमा नहीं हुए, इसके जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। देश में पहला मौका था कि जयपुर से टिकट पाए प्रत्याशियों के सिंबल भेजे गए और कलेक्टर के पास समय पर सिंबल पार्टी की तरफ से जमा नहीं कराए गए। इस घटना पर स्वयं राहुल गांधी, के सी वेणुगोपाल संज्ञान ले चुके। फिर भी डोटासरा के सामने लड़े भीलवाड़ा के दोनों नेताओं धीरज गुर्जर और रामलाल जाट पर कार्रवाई नहीं हुई। पीसीसी पदाधिकारियों का कहना है कि भीलवाड़ा घटना पर पीसीसी की बजाय दिल्ली एआईसीसी से बड़ी कार्रवाई होगी। कांग्रेस के 400 से प्रत्याशियों ने बीजेपी को वोट दिया: निकाय चुनावों में कांग्रेस के सिंबल पर जीते पार्षदों ने बीजेपी को वोट दे डाले। एक दो नहीं ऐसे 400 पार्षद बताए जा रहे। अब उनके निलंबन की तैयारी है। गांधी-शास्त्री जयंती पर पीसीसी में प्रार्थना सभा का आयोजन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पीसीसी में आयोजित प्रार्थना सभा में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं पार्टी नेताओं ने पुष्प अर्पित कर नमन किया।