जिला मुख्यालय पर नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए की लागत से निर्मित फूड कोर्ट प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार बनी हुई है। राजनगर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सर्कल और फव्वारा चौक के पास केलवा रोड पर बेतरतीब लगे फास्ट फूड एवं चाय-नाश्ते के ठेलों के कारण रोजाना यातायात बाधित हो रहा है। मुख्य मार्ग पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही रहती है, जिससे अस्थाई दुकानें सड़क के बीच तक फैल जाती हैं। इतना ही नहीं, नाश्ता करने पहुंचे लोगों के वाहन सड़क पर आड़े-तिरछे पार्क होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना दूभर हो जाता है। अक्सर ऑटो और टैक्सियों के अचानक रुकने से लंबा जाम लग जाता है, जिससे आए दिन वाहन चालकों के बीच विवाद और हादसों की आशंका बनी रहती है।