लालसोट| क्षेत्र के डिडवाना गांव में रक्षाबंधन पर होने वाले तीन दिवसीय श्रावण झूला महोत्सव की शुरुआत मंगलवार शाम झरंडे वाले बालाजी मंदिर में शारदा पूजन से हुई। पूजा-अर्चना के बाद श्रावण झूला कमेटी के सदस्य गाजे-बाजे के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। वहां मां शारदे और बालाजी की आराधना की गई। महोत्सव के पहले दिन बाहर से आए गायक और महिला कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। रात में सोनिका और माही सहित कलाकारों ने गीतों की प्रस्तुतियां दीं। कुंडल| निमाली के पास स्थित खेलेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को सहस्त्रघट अभिषेक का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान खेलेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आचार्य चंद्रप्रकाश जोशी बल्देवगढ़ के सानिध्य में सहस्त्रघट अभिषेक विधि-विधान से कराया गया। इस दौरान भगवान शिव का पवित्र जल एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। आचार्य ने बताया कि हिंदू धर्म में एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस अवसर पर भगवान शिव का अभिषेक और पूजा-अर्चना करने से मन को शांति मिलती है। सहस्त्रघट अभिषेक पूर्ण होने के बाद भगवान खेलेश्वर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाए। आयोजन में अभिषेक शर्मा नामनेर, पंडित बृजेश, गजानंद, पुनीत, विनय, ऋषि सहित कई ब्राह्मण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। रामगढ़ पचवारा | नगर पालिका चुनाव को लेकर पुलिस ने कस्बे में फ्लैग मार्च किया। सीओ सत्यनारायण यादव के नेतृत्व में थाना अधिकारी भरत लाल मीना सहित पुलिस बल ने बस स्टैंड रोड, मुख्य बाजार, पेट्रोल पंप रोड सहित शहर के विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में चुनावी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की।