भाड़ौती| मलारना डूंगर थाना पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के मामले में फरार चल रहे ट्रेलर मालिक को गिरफ्तार किया है। भाड़ौती चौकी पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए रसूलपुरा गांव से ट्रेलर मालिक आसिफ पुत्र निजामुद्दीन निवासी रसूलपुरा को गिरफ्तार किया। भाड़ौती पुलिस चौकी प्रभारी फतेह लाल ने बताया कि मलारना डूंगर थाना पुलिस ने रसूलपुरा गांव से अवैध बजरी से भरा एक ट्रेलर जब्त किया था। मामले में हेड कांस्टेबल राकेश ने 24 जून को मलारना डूंगर थाने में बजरी चोरी सहित एमडीआर एक्ट की विभिन्न धाराओं में ट्रेलर चालक और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने ट्रेलर चालक को ट्रेलर सहित गिरफ्तार कर लिया था, जबकि ट्रेलर मालिक आसिफ फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार को भाड़ौती चौकी प्रभारी फतेह लाल मीणा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए रसूलपुरा से फरार चल रहे ट्रेलर मालिक आसिफ को गिरफ्तार कर लिया।