भास्कर न्यूज | बारां जिले में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर थमने के बाद दिनभर निकली धूप ने गर्मी और उमस बढ़ा दी है। रविवार को भी जिलेभर में मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिला। इस दौरान कहीं धूप निकली तो कहीं बादलों की आवाजाही रही। पिछले 24 घंटों में जिले में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। इसके कारण तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस का असर बढा हुआ है। अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में भी लोगों को इस बार अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। लगातार बारिश के बाद अचानक बदले मौसम से लोगों को उमस ने परेशान किया। अब जिले में आगामी दिनों में वापस बारिश के आसार है। मौसम केंद्र जयपुर निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बारिश थमने की मुख्य वजह फिलहाल प्रदेश में कमजोर मानसूनी परिस्थितियां और अधिकांश हिस्सों में शुष्क दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है। वर्तमान में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, लेकिन पूर्वी राजस्थान में मानसून अभी कमजोर स्थिति में है। इसी कारण बारिश की गतिविधियां सीमित हुई हैं। अब बारां सहित कोटा संभाग के जिलों में 25 से 27 अगस्त के बीच फिर मौसम बदलने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश के आसार है।