भास्कर न्यूज | भाड़ौती तारनपुर गांव में पिछले दो दिनों से रात के समय अज्ञात चोरों द्वारा चोरी का प्रयास किए जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के जाग जाने के कारण चोर चोरी करने में सफल नहीं हो सके और खेतों की ओर भाग गए। लगातार हो रही घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार को मलारना डूंगर थाने पहुंचे और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को परिवाद सौंपा। ग्रामीण राजेश मीणा, भारत लाल मीणा, रामजीलाल मीणा, प्रियंका व लक्ष्मण मीणा सहित अन्य लोगों ने परिवाद में बताया कि 22 सितंबर की रात मेगा हाईवे के पास स्थित खेतों में अज्ञात बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया था। इसके बाद 24 सितंबर की रात भी चोरों ने खेत की तार-जाल काटकर चोरी करने का प्रयास किया। लगातार दो रात इस तरह की घटनाएं होने से खेत मालिकों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार रात भी अज्ञात लोग गांव में घुसे और चोरी का प्रयास किया, लेकिन परिजनों की नींद खुलने की वजह से चोरी करने में असफल हुए और बदमाशों ने पत्थर फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। परिजनों के चिल्लाने पर चोर वहां से भागकर खेतों की ओर चले गए। ग्रामीणों ने रात में आसपास तलाश भी की, लेकिन चोर हाथ नहीं लगे। गांव में लगातार चोरी की प्रयास की घटना को लेकर शुक्रवार सुबह ग्रामीण मलारना डूंगर थाने पहुंचकर परिवाद दिया तथा ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने, घटनास्थल की जांच कराने तथा तार-जाल काटकर चोरी के प्रयास में शामिल लोगों का पता लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने गांव और आसपास के खेतों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग रखी।