टोंक में त्योहार के सीजन में देसी घी के नाम पर नकली माल खपाया जा रहा था। सदर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने सोमवार दोपहर तारण गांव में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसके घर के बाड़े में तैयार संदिग्ध नकली 50 किलो देसी घी बरामद किया गया। घी के नमूने खाद्य विभाग को सौंपे गए हैं। जानकारी के मुताबिक- जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने सोमवार को सदर थाना क्षेत्र के तारण गांव में पुलिस की मदद से एक मकान में दबिश दी। पुलिस को मकान के बाड़े से 50 किलो संदिग्ध घी बरामद हुआ। यह घी चार टिन के डिब्बों और एक-एक किलो की पैकिंग थैलियों में पैक था। पुलिस ने बाड़े के मालिक और नकली घी बनाने के आरोपी गिर्राज (35) पुत्र भंवरलाल को गिरफ्तार कर लिया और घी के नमूने खाद्य विभाग को भेज दिए। बरामद घी की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की आशंका से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस घी जब्त करने की कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घी के लिए कच्चा माल कहां से लाया गया और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी? साथ ही इस कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। घी की जांच रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच से मामले में अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।