उदयपुर सिटी-मैसूरू एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19667) 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक अपने निर्धारित समय से करीब 30 मिनट की देरी से चलेगी। दक्षिण पश्चिम रेलवे के तुमकूर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाने का काम चल रहा है। इस निर्माण कार्य की वजह से इस ट्रेन को रास्ते में आधे घंटे तक रोका (रेगुलेट किया) जाएगा। इसका सीधा असर उदयपुर और चित्तौड़गढ़ समेत इस रूट के अन्य स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे के अनुसार तुमकूर स्टेशन पर चल रहे तकनीकी और निर्माण कार्य के कारण ट्रेन संचालन के समय में यह अस्थायी बदलाव किया गया है। 26 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच उदयपुर से रवाना होने वाली इस ट्रेन को मार्ग में 30 मिनट के लिए रेगुलेट किया जाएगा। इस कारण यात्रियों को अपने गंतव्य स्टेशन तक पहुंचने में आधे घंटे की देरी का सामना करना पड़ेगा। दक्षिण भारत को जोड़ने वाली प्रमुख ट्रेन उदयपुर-मैसूरू एक्सप्रेस राजस्थान को दक्षिण भारत से जोड़ने वाली लंबी दूरी की एक प्रमुख ट्रेन है। यह ट्रेन उदयपुर से चलकर चित्तौड़गढ़ होते हुए मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई स्टेशनों से गुजरती है और यात्रियों को मैसूरू तक सीधी रेल सुविधा देती है। मेवाड़ अंचल से बड़ी संख्या में लोग नौकरी, व्यापार, पढ़ाई और इलाज के सिलसिले में दक्षिण भारत के शहरों में जाते हैं। ऐसे में 26 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को बदले हुए समय के हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।