वरिष्ठ आईएएस अधिकारी खजान सिंह ने उदयपुर संभागीय आयुक्त का पदभार सोमवार दोपहर को संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद IAS खजान सिंह ने कहा- राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष करवाना मेरी सबसे पहली प्राथमिकता रहेगी। बता दें कि 2013 बैच के IAS खजान सिंह के ट्रांसफर के ऑर्डर 21 अगस्त को जारी हुए थे। कहा- निष्पक्ष मतदान करना पहली प्राथमिकता संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने कहा- राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नगरीय निकाय चुनाव को लेकर जो कैलेंडर जारी किया गया है। उसके अनुसार सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी कराई जाएंगी। उन्होंने कहा- मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इस पर पूरा फोकस रहेगा। त्रिस्तरीय जनसुनवाई को करेंगे मजबूत प्रशासनिक कामकाज को लेकर उन्होंने कहा- संभाग के सभी जिलों में त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाया जाएगा। गांवों और दूर-दराज के इलाकों से समस्याएं लेकर आने वाले आमजन की समय पर सुनवाई होगी। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली हर शिकायत का समय पर निस्तारण किया जाए। पदभार ग्रहण करने के दौरान उदयपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर. देवासी सहित संभाग स्तर के कई प्रशासनिक अधिकारियों ने संभागीय आयुक्त से मुलाकात की।