उदयपुर में ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में शहर विधायक ताराचंद जैन ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने शहर के खांजीपीर और आयड़ इलाके का जिक्र करते हुए उन्हें 'मिनी पाकिस्तान' बता दिया। विधायक ने दावा किया कि ये इलाके पहले अपराधियों की शरणस्थली बन गए थे, लेकिन अब वहां हालात में सुधार हुआ है। विधायक ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उदयपुर शहर में जाने के दो रास्ते हैं, एक खांजीपीर होकर और दूसरा रेलवे स्टेशन होकर जाता है। उन्होंने कहा कि खांजीपीर मिनी पाकिस्तान बन गया था और वहां अपराधी शरण लेते थे, लेकिन अब वहां डीवाईएसपी का दफ्तर शुरू हुआ है। ताराचंद जैन ने कहा कि अगर खांजीपीर पुलिस चौकी से पिछले 10 साल के अपराधियों का आंकड़ा मंगवाया जाए, तो अपराध 25 प्रतिशत होगा। इसके बाद आयड़ इलाके का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आयड़ में भी ऐसे ही हालात थे, लेकिन अब स्थिति सुधर रही है। विधायक ताराचंद जैन ग्रामीण विधानसभा के बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। यह सम्मेलन सेक्टर 14 स्थित आशीष वाटिका में हुआ। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चला। राज्यपाल कटारिया से मुलाकात का किया जिक्र विधायक ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि आज वे प्रोटोकॉल के तहत उनके स्वागत में गए थे। इस दौरान कटारिया ने मुखर्जी चौक के कामकाज को लेकर तारीफ करते हुए कहा कि जो सोचा नहीं था, वह काम पूरा करके दिखा दिया है। नगर निगम चुनाव को लेकर विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं को खुली चुनौती है कि वे शहर में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएंगे। कांग्रेस के नेता विश्वास के साथ दो वार्डों के नाम भी नहीं बता सकते कि वे वहां से जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सभी प्रमुख वार्डों में मजबूती से जीत दर्ज करेगी। टिकिट चयन को लेकर विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की राय और सभी समाजों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर ही टिकट तय कर रही है। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।