उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर बीजेपी में टिकट बंटवारे की कवायद अब आखिरी दौर में पहुंच चुकी है। पार्टी की ओर से बनाई गई कोर कमेटी की बैठक बुधवार को होगी, जिसमें शहर के सभी 80 वार्डों के दावेदारों के नामों पर मंथन कर फाइनल सूची तैयार की जाएगी। संभाग प्रभारी राजेन्द्र राठौड़ और नारायण पंचारिया की मौजूदगी में यह बैठक होगी। पहले यह बैठक मंगलवार शाम को होनी थी, जिसे आगे बढ़ा दिया गया। इससे पहले पटेल सर्कल स्थित पार्टी कार्यालय में सोमवार रात को पर्यवेक्षकों, प्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आज होने वाले सम्मेलनों और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श हुआ। शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि 80 वार्डों के लिए भाजपा में 600 से ज्यादा लोगों ने आवेदन फॉर्म सशुल्क पार्टी कार्यालय से खरीदे है। मंडल से लेकर वार्ड तक प्रभारी और संयोजक बना दिए गए है। नगर निगम में लगातार सांतवा बोर्ड बनाने में पूरी सफल होंगे। राठौड़ ने कहा कि किसी वार्ड से 25 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया है। लगभग हर वार्ड से कम से कम 10 पार्टी कार्यकर्ताओं ने दावेदारी की है। संगठन की पूरी कोशिश है कि अनारक्षित वार्ड से जनरल कैटेगरी के व्यक्ति को मौका मिले। विशेष परिस्थति को छोड़कर दूसरे वार्ड में दावेदार को मौका नहीं दिया जाएगा। राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक जाति को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जा रही है। हर दावेदार का संगठन की विचाराधारा से जुड़ाव, लोकप्रियता और व्यक्तिगत कार्यशैली के साथ सर्वे में उसके फीडबैक से प्राथमिकता तय की जा रही है। तीन-तीन नामों के पैनल पर जनप्रतिनिधियों से होगी रायशुमारी सूत्रों के मुताबिक, संगठन द्वारा हर वार्ड से तैयार किए गए तीन-तीन दावेदारों के पैनल पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पसंद पूछी जाएगी। शहर के वार्डों को लेकर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े वार्डों के लिए विधायक फूलसिंह मीणा से राय ली जाएगी, जिसके बाद सांसद मन्नालाल रावत से सहमति बनाई जाएगी। शहर के सभी 80 वार्डों में फीडबैक और पर्यवेक्षक- मंडल अध्यक्ष द्वारा नामों पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि एक-एक वार्ड से तीन नामों का पैनल तैयार किया गया है, जिन पर बैठक में चर्चा होगी और रायशुमारी के बाद सभी की सहमति लेने की कोशिश होगी। इसमें आरएसएस पदाधिकारियों द्वारा सुझाए नामों पर भी चर्चा होगी। इस बैठक में उदयपुर सांसद एंव जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मन्नालाल रावत, पूर्व सांसद कनक मल कटारा, शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, जिला प्रभारी हरीश पाटीदार, पूर्व जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली, मुंबई के पूर्व सांसद मनोज कोटक और नवी मुंबई के पूर्व मेयर संजीव नाइक मौजूद रहे। कोर कमेटी की बैठक में वरिष्ठ नेता मांगीलाल जोशी, युधिष्ठिर कुमावत, प्रमोद सामर, रवीन्द्र श्रीमाली और पूर्व महापौर रजनी डांगी सहित कई प्रमुख सदस्य शामिल होंगे।