उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की बैठक आज दक्षिणी विस्तार स्थित भाजपा कार्यालय में शुरू हो गई। इस बैठक में उदयपुर के 80 वार्डों में आए आवेदनों को लेकर पैनल बनाया जा रहा है। बैठक में भाजपा के संभाग प्रभारी राजेंद्र राठौड़, नारायण पंचारिया आदि ने इन नामों को लेकर चर्चा कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि इस बार योग्य युवाओं को मौका दिया जाएगा। इस बैठक के बाद तीन-तीन का पैनल बनाकर जयपुर कल लेकर जाएंगे। युवाओं को ज्यादा टिकट मिलेगी युवाओं को टिकट देने के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि आज तक जितनी टिकटें युवाओं को मिली है इस बार उससे ज्यादा टिकट मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और ये चुनाव भी कार्यकर्ता आधारित ही लड़ेंगे और जो श्रेष्ठतम कार्यकर्ता होगा उसका चयन करेंगे। 80 वार्डो के लिए 700 आवेदन आए कोर कमेटी की बैठक में 80 वार्डो के लिए आए करीब 700 आवेदनों को लेकर पार्टी नामों को लेकर प्रत्येक वार्ड पर तीन-तीन उम्मीदवारों का पैनल बना रही है। बैठक में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, चुनाव प्रभारी रजनी डांगी, जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, उदयपुर चुनाव प्रभारी कनक मल कटारा, रविन्द्र श्रीमाली, अलका मूंदड़ा, पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा सहित कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।