उदयपुर के 5 स्टार होटल द ओबरॉय उदय वि​लास में एक टूरिस्ट 10 दिन ठहरने के बाद 5.74 लाख रुपए का बिल बिना चुकाए चला गया। होटल के लायजनिंग मैनेजर रविन्द्र सिंह ने अंबामाता थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सब इंस्पेक्टर अजयराज सिंह ने बताया- 12 अगस्त 2026 को मेकर बाहा ट्रैवल एजेंसी ने ई-मेल के जरिए दिल्ली निवासी अनुराग यादव के ठहरने की बुकिंग कराई थी। अनुराग अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ 14 से 23 अगस्त तक होटल में रुका था। यादव ने होटल में ठहरने के साथ ही लंच, डिनर और अन्य सेवाओं का लाभ उठाया। 10 दिन बाद 24 अगस्त को जब चेक आउट का समय हुआ, तब उसने ​5.74 लाख रुपए का बिल देने से मना कर दिया। अनुराग ने कहा कि ये पैसा ट्रैवल एजेंसी देगी। जबकि ट्रैवल एजेंसी ने बुकिंग के दौरान अनुराग से इस तरह की कोई डील होने से मना किया है। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि प्राथमिक रूप से ये मामला ट्रैवल एजेंसी के साथ मिलकर टूरिस्ट की ओर से धोखाधड़ी का लग रहा है। आरोपी दिल्ली में एक निजी कंपनी में जॉब करता है। मामले की जांच की जा रही है।