उदयपुर में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन के लिए आखिरी ​4 दिन बचे हैं। 10 पंचायत समितियों में सदस्य और जिला परिषद् सदस्य में 22 अक्टूबर को इसकी वोटिंग होनी है। नामांकन की आखिरी डेट 13 अक्टूबर है, ऐसे में 10 को शनिवार और और 11 अक्टूबर को रविवार होने से 2 दिन छुट्टी रहेगी। वही पहले चरण में ही इस चुनाव के ठीक 2 दिन बाद 24 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड-पंच की वोटिंग होगी। इस बार जिला प्रमुख सीट अनारक्षित (ओपन) होने से दोनों पार्टियों से कई दिग्गज चुनाव लड़ सकते हैं। बीजेपी जहां गुटबाजी से बचने के लिए इस बार निकाय के फॉर्मूला पर चलते आखिरी दिन तक नाम घोषित नहीं कर सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से संभावित प्रत्याशियों को फोन कर संकेत दे दिए गए हैं। कांग्रेस भी 12 अक्टूबर तक प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती हैं। उदयपुर जिले में प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होनी है। प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इस चरण में 826 मतदान केंद्र रहेंगे। इनमें झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ शामिल हैं। सेफ सीट की तलाश में नेता बीजेपी के देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली भी इस बार जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़कर जिला प्रमुख की रेस में है। हालांकि वे किसी सेफ वार्ड की तलाश में है। विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हिम्मत सिंह झाला और कृष्णगोपाल पालीवाल भी जिला परिषद का चुनाव लड़ सकते हैं, जबकि चन्द्रगुप्त सिंह चौहान, भंवरसिंह पंवार, तख्तसिंह शक्तावत और ललित सिंह सिसेादिया, मयूरध्वज सिंह, अमित पालीवाल भी चुनाव लड़ सकते है। कांग्रेस में पर्यवेक्षक के साथ नामों पर चर्चा, सूची 12 को इधर, कांग्रेस पार्टी की और से नामों को लेकर आज चर्चा की जा रही है। देहात कांग्रेस के अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि पार्टी की और से नियुक्त पर्यवेक्षक विधायक रोहित बोहरा आए है और उनके साथ बैठक में नामों को लेकर चर्चा की जा रही है। रघुवीर मीणा ने बताया कि नामों की सूची 12 अक्टूबर को जारी कर सकते है। वार्ड नंबर 17 से नारूलाल गाडरी ने भरा पर्चा वल्लभनगर पंचायत समिति वार्ड नंबर 17 से कांग्रेस उम्मीदवार नारु लाल गाडरी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया था।