महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक शुभ केसर गार्डन में किया जाएगा। लघु उद्योग भारती उदयपुर की अहिल्याबाई होल्कर इकाई की ओर से यह आयोजन होगा। एक्सपो में सभी स्टॉल्स महिलाओं द्वारा लगाई जाएगी। स्वयंसिद्दा चित्तौड़ प्रांत की प्रभारी डॉ रीना राठौड ने बताया- प्रदेश में लघु भारती जयपुर, जोधपुर व चित्तौड़गढ़ प्रांत के अंतर्गत 26 इकाइयां वर्तमान में हैं, जो महिला उद्यमियों को आगे बढाने के लिए हर साल एक से दो प्रदर्शनी आयोजित करती है। उदयपुर में यह 5वां आयोजन है। 105 स्टॉल्स लगाने का लक्ष्य एक्सपो में 105 स्टॉल्स का लक्ष्य रखा है, जिसको बढ़ाया भी जा सकता है। कुछ स्टॉल्स आदिवासी महिलाओं के हुनर को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निशुल्क होगी। अहिल्याबाई होल्कर इकाई अध्यक्ष डॉ ऋषिका पानेरी ने बताया कि प्रदर्शनी में हस्तशिल्प, हथकरघा एवं पारंपरिक वस्त्र, आधुनिक तकनीक, स्टार्ट अप्स, महिला उद्यमियों के उत्पाद और नेटवर्किंग आदि स्टॉल्स लगाए जाएंगी। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, स्टार्टअप्स और स्वयंसिद्धा महिलाओं के उत्पादों को एक बड़ा मंच प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। लघुभारती उदयपुर इकाई अध्यक्ष राजेंद्र सुराणा ने संगठन की ओर से महिलाओं और अन्य उद्यमियों को आगे बढाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।