राजस्थान में मानसून के फिर से एक्टिव होने के बाद भी उदयपुरवासी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। शहर में सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन कुछ देर बाद ही धूप निकल आई। जिले में मौसम लगातार बदल रहा है। सोमवार को भी पूरे जिले में सूखा रहा। सोमवार को उदयपुर शहर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री रहा था। इस तरह सोमवार को अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री कम रहा। राजस्थान में अगले 3 दिन बारिश की संभावना मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा के अनुसार पूर्वी भारत और उत्तर-पूर्वी राज्यों में टर्फ लाइन के सहारे भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। राजस्थान का अधिकांश हिस्सा पूरे सप्ताह शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में अगले तीन दिनों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन मेवाड़ में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी हो सकती है। डॉ. देवड़ा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न वायुदाब क्षेत्र यदि आगे बढ़ता है तो भी इसे मेवाड़ तक पहुंचने में करीब 7 से 8 दिन लग सकते हैं। ऐसे में फिलहाल उदयपुर और मेवाड़ में अच्छी बारिश की उम्मीद कम है।