उन्हैल कस्बे में गणेशोत्सव का गणपति प्रतिमा के विसर्जन के साथ समापन हुआ। गणेश युवा मित्र मंडल ने राम मंदिर परिसर में स्थापित गणपति प्रतिमा की पूजा-अर्चना और आरती के बाद विसर्जन यात्रा निकाली। इस विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सजे हुए वाहन में गणपति प्रतिमा को विराजमान कर यात्रा शुरू की गई। श्रद्धालु भजनों और गणपति के जयकारों के साथ आगे बढ़े। पूरे रास्ते ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। युवाओं में विशेष उत्साह दिखा। विसर्जन यात्रा कस्बे के प्रमुख रास्तों से होकर शिप्रा नदी के तट पर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने गणपति प्रतिमा के दर्शन किए। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया। दस दिनों तक राम मंदिर परिसर, शिव मंदिर परिसर और इंदिरा कॉलोनी में गणेशोत्सव के तहत प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन सहित कई धार्मिक कार्यक्रम हुए। पंडाल को आकर्षक बिजली की सजावट से सजाया गया था।