जयपुर में होटल में युवक की मौत के मामले में परिजनों ने दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया। एक घंटे तक टोंक रोड जाम कर बैठे रहे। पुलिस की समझाने के बाद परिजन बजाज नगर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। एडिशनल डीसीपी ईस्ट पारस ने कहा- प्रदर्शनकारियों से विराट नगर विधायक कुलदीप धनखड़ ने बात की। 25 लाख रुपए मुआवजा, डेयरी बूथ, संविदा पर नौकरी पर सहमति बनी।कुलदीप धनखड़ के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। टोंक रोड और बजाज नगर थाने के बाहर ट्रैफिक शुरू हो गया है। देर शाम बजाज नगर एसएचओ रामधन को हटाकर मुनेंद्र सिंह जिम्मेदारी दी गई। इससे पहले मृतक प्रेमप्रकाश खींची की पत्नी सोनिया खींची, मां और परिवार की अन्य महिलाएं शुक्रवार दोपहर को बजाज नगर थाने पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। वहीं कार्रवाई नहीं होने से नाराज वकीलों ने थाने में घुसकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। इसके बाद परिजन टोंक रोड पर पहुंचे और बीच सड़क पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से गाड़ियों की 4 किलोमीटर तक कतारें लग गई। पुलिस के अनुसार- विराटनगर क्षेत्र के मेड गांव निवासी प्रकाश खींची (32) का शव बुधवार शाम गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पास ब्लू शाइन होटल में मिला था। वह दो दिन पहले ही आगरा से जयपुर आया था। परिवार को उसके जयपुर आने की जानकारी नहीं थी, युवक ने होटल में रुका था। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला था। युवक के हाथ में कैनुला लगा हुआ था। घटना को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहले देखें PHOTOS न्याय के लिए संघर्ष कर रहे वकील प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ता घनश्याम गंगवान ने कहा- मेरे साथी विक्रम खींची के छोटे भाई की निर्मम हत्या के बावजूद परिवार से न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुवार से अधिवक्ता साथी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। बार एसोसिएशन के महासचिव उमेश चौधरी, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के राजीव सोलंकी, अनवर हुसैन सहित वकील समुदाय परिवार के साथ खड़ा है। परिजनों का दावा है कि 30 सितंबर को प्रेमप्रकाश खींची की चोट के निशान वाली फोटो उसके भाई के मोबाइल पर भेजी गई। इसके कुछ देर बाद सुसाइड नोट भी भेजा गया। होटल से संपर्क करने पर प्रकाश के चेकआउट करने की बात कही गई। बाद में उसी कमरे से उसका शव मिला। उसके हाथ में कैनुला लगी होने और ड्रिप चढ़ने को लेकर भी वकीलों ने सवाल उठाए हैं। मृतक प्रेमप्रकाश खींची की मां ने रोते हुए न्याय की गुहार लगाई। पत्नी ने कहा- मुझे इंसाफ चाहिए, मेरे बच्चे के लिए। जिन्होंने मेरे पति को मारा है, उनको फांसी की सजा होनी चाहिए। मेरे जेवर, मेरे पैसा सब लुट गया। मुझे नौकरी चाहिए। मैं बच्चे को कैसे पालूंगी, मुझे न्याय चाहिए। एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग वकीलों ने मांग की है कि युवक की मौत के जिम्मेदार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो जयपुर जाम किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा। वकीलों ने कहा कि न्याय मिलने तक धरना समाप्त नहीं होगा। ……………………….. यह खबर भी पढ़ें... होटल में युवक की मौत पर हंगामा:थाने के बाहर वकीलों ने रास्ता रोका, धरना दिया; हत्या की जताई आशंका
पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…