प्रदेश में नगरीय निकाय (नगर निगम, नगर ​परिषद और नगर पालिका) चुनावों की कल (27 अगस्त) लोकसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र भरने शुरू हो जाएंगे। अलग-अलग जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार प्रत्याशियों को नामांकन भरने के लिए केवल तीन दिन का समय मिलेगा। अजमेर में भाजपा और कांग्रेस की ओर से घोषित उम्मीदवारों की सूची का इंतजार है। नगर निगम आम चुनाव-2026 के लिए नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों को नामांकन पत्र के साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अटैच करने होंगे। जयपुर नगर निगम में नामांकन के लिए जिला निर्वाचन शाखा ने इस बार 15 रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के ऑफिस खोले हैं, जहां प्रत्याशियों के नामांकन भरवाए जाएंगे। इस बार 150 वार्डों में हर 10 वार्ड पर एक RO ऑफिस खोला है, जहां इन वार्डों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी नामांकन पत्र भर सकेंगे। वहीं चुनाव करवाने संबंधि ट्रेनिंग आज से शुरू हो गई। जयपुर जिले की सभी नगरीय निकायों में चुनाव करवाने के लिए 13076 पीठासीन अधिकारी (पीआरओ) और मतदान अधिकारी (पीओ) को दो सेशन में ट्रेनिंग दी जाएगी। पाली नगर निगम में प्रस्तावित वोटिंग डेट 9 सितंबर के बजाए 11 सितंबर कर दी गई है। जैन समाज का पर्युषण महापर्व के चलते वोटिंग डेट में बदलाव किया गया है। इसी तरह सीकर जिले की नगर परिषद फतेहपुर में 11 सितंबर को वोटिंग करवाना प्रस्तावित था, लेकिन इसे बदलकर आयोग ने अब 9 सितंबर कर दिया। यहां भाद्रपद अमावस्या पर विभिन्न कुलदेवियों के मंदिर है। इसमें आने वालों की भक्तों की भीड़ को देखते हुए यह बदलाव किया गया है।