अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ मॉस्को पहुंचे हैं। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, वह अमेरिकी वायुसेना के C-17 ग्लोबमास्टर से मॉस्को गए और वहां अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। यह CIA चीफ बनने के बाद रैटक्लिफ की रूस की पहली यात्रा है। रैटक्लिफ के रूस दौरे की पहले कोई घोषणा नहीं की गई थी। अमेरिकी सैन्य विमान के मॉस्को पहुंचने के बाद उनकी यात्रा की खबर सामने आई। इससे पहले रूसी अधिकारियों ने कहा था कि उन्हें C-17 ग्लोबमास्टर की मॉस्को यात्रा की जानकारी नहीं है। अमेरिकी सरकार ने भी अभी इस दौरे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। C-17 की मॉस्को में लैंडिंग का वीडियो का सोशल मीडिया पर वायरल है… अमेरिका से लातविया और फिर मॉस्को पहुंचा C-17 फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, अमेरिकी वायुसेना का C-17 पहले अमेरिका से लातविया की राजधानी रीगा पहुंचा। इसके बाद विमान मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मॉस्को के लिए रवाना हुआ और व्नुकोवो एयरपोर्ट पर उतरा। यह विमान RCH4555 कॉल साइन से उड़ रहा था। इसकी उड़ान की एक खास बात यह थी कि विमान रूस के हवाई क्षेत्र से होकर मॉस्को पहुंचा। अमेरिकी सैन्य विमान के इस रास्ते से उड़ान भरने के लिए रूसी अधिकारियों की मंजूरी जरूरी होती है। हालांकि, रूसी अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें इस विमान की मॉस्को यात्रा की जानकारी नहीं थी। रूस से बातचीत अटकी, इसी बीच मॉस्को पहुंचे रैटक्लिफ रिपोर्ट के मुताबिक, रैटक्लिफ मॉस्को में बैठकों के लिए गए हैं। हालांकि, वह किन रूसी अधिकारियों से मिल रहे हैं और किन मुद्दों पर बातचीत हो रही है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। उनका दौरा ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और रूस के बीच यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की कोशिशें फिलहाल आगे नहीं बढ़ रही हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई अंतिम समझौता नहीं हो पाया है। ऐसे में CIA चीफ का सीधे मॉस्को पहुंचना और रूसी अधिकारियों से बैठक करना अहम माना जा रहा है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि इन बैठकों में यूक्रेन युद्ध को लेकर कोई बातचीत हो रही है या नहीं। इससे पहले मॉस्को जाने वाले आखिरी ज्ञात CIA डायरेक्टर विलियम बर्न्स थे। उन्होंने नवंबर 2021 में रूस का दौरा किया था। इसके कुछ महीने बाद ही रूस ने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर सैन्य हमला शुरू किया था। रैटक्लिफ के मॉस्को पहुंचने से पहले क्या हुआ? रैटक्लिफ की यात्रा की पुष्टि से पहले C-17 की मॉस्को उड़ान ही सबसे बड़ा सवाल बनी हुई थी। विमान 23 अगस्त को वॉशिंगटन डीसी के पास मौजूद जॉइंट बेस एंड्रयूज से लातविया पहुंचा था। यह वही अमेरिकी सैन्य अड्डा है जहां राष्ट्रपति के विमान रहते हैं। इनमें एयर फोर्स वन भी शामिल है। इसके बाद विमान रीगा से मॉस्को पहुंचा। उस समय यह पता नहीं था कि विमान को रूस की राजधानी क्यों भेजा गया है और उसमें कौन सवार है। अब अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट से पता चला है कि CIA चीफ जॉन रैटक्लिफ इसी विमान से मॉस्को पहुंचे थे। C-17 ग्लोबमास्टर: टैंक से सैनिकों तक इस्तेमाल C-17 ग्लोबमास्टर अमेरिकी वायुसेना का भारी सैन्य परिवहन विमान है। इसका इस्तेमाल सैनिकों, टैंकों, सैन्य वाहनों और भारी सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता है। इसके अलावा इसका इस्तेमाल हवा से सामान गिराने, घायल सैनिकों को निकालने और आपदा के समय राहत सामग्री पहुंचाने में भी किया जाता है। यह लड़ाकू विमान या बॉम्बर नहीं है। इसकी रफ्तार करीब 834 किमी/घंटा है और यह करीब 3,500 फीट लंबी रनवे से भी उड़ान भर सकता है। इसकी एक खासियत यह भी है कि यह पीछे की ओर चल सकता है। भारत के पास भी 11 C-17 ग्लोबमास्टर भारत के पास C-17 ग्लोबमास्टर के 11 प्लेन हैं। भारत ने 2011 में अमेरिका से 10 C-17 ग्लोबमास्टर III खरीदने का करीब 4.1 अरब डॉलर का सौदा किया था। पहला प्लेन जून 2013 में भारत पहुंचा और बाकी 9 विमानों की डिलीवरी 2014 तक पूरी हो गई। इसके बाद भारत को 2019 में 11वां C-17 मिला। खास बात यह है कि यह प्लेन पहले से बना हुआ था और बोइंग के पास बिना किसी खरीदार के रखा था। भारत ने इसे अपनी जरूरत के मुताबिक तैयार करवाकर हासिल किया। भारत के सभी 11 C-17 ग्लोबमास्टर भारतीय वायुसेना की 81 स्क्वाड्रन ‘स्काई लॉर्ड्स’ का हिस्सा हैं। इस यूनिट का बेस हिंडन एयरबेस में है। यमन से लेकर लद्दाख तक दिखा चुका है ताकत -------------------------- ये खबर भी पढ़ें… अमेरिका का ईरान की कमाई के 5 रास्तों पर बैन: इनमें सोना, टेक्नोलॉजी और शिपिंग शामिल, कहा- जो देश बिजनेस करेंगे, उन पर भी कार्रवाई अमेरिका ने ईरान की अर्थव्यवस्था के 5 अहम क्षेत्रों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। जिनका इस्तेमाल ईरान दूसरे देशों में अपनी आर्थिक गतिविधियों के लिए करता है। पूरी खबर पढ़ें…