नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के हर्ष विहार इलाके के मिलन गार्डन में 25 अक्टूबर को निर्माणाधीन मकान की स्लैब गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस को शाम 7 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस और अन्य आपातकालीन दल मौके पर मौजूद हैं। वे नुकसान का जायजा ले रहे हैं और यह पता कर रहे हैं कि मलबे में कोई फंसा है या नहीं। आज की अन्य बड़ी खबरें… इंडिगो फरवरी से मुंबई की 12 डेली इंटरनेशनल फ्लाइट्स को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करेगा इंडिगो फरवरी 2027 से मुंबई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट से 12 डेली इंटरनेशनल फ्लाइट्स को नए नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करेगा। एयरलाइन और अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) नए हवाई अड्डे पर चरणों में इंटरनेशनल ऑपरेशन का विस्तार करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बदलाव में, मुंबई से बहरीन, रियाद, दम्मम, जेद्दा, मदीना, कुवैत, रास अल खैमाह, फुजैराह, मस्कट, ढाका और जकार्ता के लिए इंडिगो की मौजूदा सेवाएं शामिल होंगी। जम्मू-कश्मीर में मिनी बस पलटी, 5 घायल; बस बकल से रियासी जा रही थी जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में रविवार को ज्योतिपुरम के पास एक मिनी बस पलट गई। हादसे में 5 लोग घायल हो गए। बस बकल से रियासी जा रही थी। इससे पहले बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के गाला पछौंड इलाके में एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में 2 लोगों की मौत हुई, जबकि 10 लोग घायल हुए। घायलों को रामनगर के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 3 गंभीर घायलों को उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा था। असम, मिजोरम और मणिपुर में ड्रग्स नेटवर्क के 38 ठिकानों पर छापेमारी, 18 गिरफ्तार; शाह ने जानकारी दी गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बताया कि ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के तहत असम, मिजोरम और मणिपुर में ड्रग्स तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर कार्रवाई की गई। 23 अक्टूबर को तीनों राज्यों में 38 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। शाह के मुताबिक, इस कार्रवाई में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। शाह ने बताया कि जांच में करीब ₹100 करोड़ के हवाला लेनदेन का पता चला। एजेंसियों ने 1,424 बैंक खाते फ्रीज किए, ₹17.82 करोड़ की संपत्तियां अटैच कीं, 500 डेटोनेटर और ₹12 लाख नकद जब्त किए। उनके मुताबिक, यह नेटवर्क भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं के पार ‘डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर’ के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। शाह ने इस कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों और तीनों राज्यों की पुलिस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 31 दिसंबर 2029 तक हर ड्रग्स नेटवर्क को खत्म करना है। मणिपुर में शांति और भाईचारे के लिए 36 समुदायों की कमेटी बनेगी; CM बोले- PM मोदी ने पूछा था, ऐसी समिति है क्या मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने कहा कि राज्य सरकार सभी 36 समुदायों के प्रतिनिधियों की कमेटी बनाएगी। इसका उद्देश्य शांति, आपसी सद्भाव और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने उनसे पूछा था कि क्या सभी समुदायों को जोड़ने के लिए ऐसी कोई कमेटी है। खेमचंद सिंह शनिवार को इम्फाल में पहाड़ी जनजातियों के प्रमुखों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उत्सव से राज्य में शांति, समृद्धि और भाईचारा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस साल पहाड़ी इलाकों के लोग भी उत्सव में शामिल हुए, जिनमें कुछ पहले इम्फाल आने से हिचकिचाते थे। मणिपुर में 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा शुरू हुई थी। इसके बाद 2026 में भी राज्य में अलग-अलग समुदायों के बीच हिंसा की घटनाएं हुईं। सितंबर में मणिपुर विधानसभा में पेश आंकड़ों के मुताबिक, मई 2023 से अगस्त 2026 तक जातीय हिंसा में 306 लोगों की मौत हुई और 49 लोग लापता थे। तमिलनाडु में दो बाइकों की टक्कर, दो की मौत; दो घायल तमिलनाडु के इरोड जिले में शनिवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को पेरुंदुरई स्थित इरोड जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, वेल्लिथिरुप्पुर निवासी 24 वर्षीय गोकुल दिहाड़ी मजदूर था। वह अपने दोस्त प्रशांत (26) के साथ मोटरसाइकिल से रेड्डीपलायम जा रहा था। एक गारमेंट फैक्ट्री के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। दूसरी बाइक को संजय (21) चला रहा था और उसके साथ ससीकुमार (36) सवार था। हादसे में गोकुल और संजय को गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बाइकों पर पीछे बैठे दो अन्य लोग भी घायल हो गए। गुजरात के वापी से 14 करोड़ रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स की गोलियां जब्त, तीन गिरफ्तार गुजरात के वलसाड जिले में एंटी नारकोटिक्स विंग और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने वापी शहर से 14 करोड़ रुपए एमडी ड्रग्स की गोलियां जब्त की हैं। पुलिस ने अब तक इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि गोलियां दादरा और नगर हवेली केंद्र शासित प्रदेश के दादरा क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस जांच में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स आरोपियों तक कैसे पहुंची। कर्नाटक में कर्ज चुकाने के दबाव में महिला ने तीन बेटियों संग जहर खाया, मां और एक बेटी की मौत कर्नाटक के धारवाड़ जिले में कर्ज चुकाने के कथित दबाव के चलते एक महिला और उसकी 8 साल की बेटी की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपनी तीन बेटियों को कथित तौर पर जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया था। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय सविता और उनकी बड़ी बेटी निवेदिता उर्फ गडिगेव्वा (8) के रूप में हुई है। दोनों ने हुबली के कर्नाटक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (KIMS) अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सविता की अन्य दो बेटियां भाग्यलक्ष्मी (6) और हर्षिता (9) अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। यह घटना धारवाड़ जिले के कराडिगुड्डा गांव की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सविता ने कई स्वयं सहायता समूहों से कर्ज लिया था। उन्होंने 3 लाख रुपए के लिए अपना खेत भी गिरवी रखा था। इसके अलावा, उन्होंने कुछ प्राइवेट फर्म से भी करीब 2 लाख रुपए का कर्ज लिया था। पुलिस के मुताबिक, सविता कर्ज देने वालों के दबाव को सहन नहीं कर पाई। इसी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।