जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की पहल "भविष्य की उड़ान" और 'मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना' ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में भौतिक व शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। इसी क्रम में राउमावि पट्टी खुर्द (बामनवास) के विकास के लिए विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने 45 हजार रुपये की सहयोग राशि दान स्वरूप भेंट की है। प्रधानाचार्य ओम प्रकाश मीणा ने सहयोग राशि का चेक मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीणा और अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (एडीपीसी) हरकेश लाल मीणा को सौंपा। एडीपीसी हरकेश लाल मीणा ने कहा कि स्थानीय समुदाय और विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव हो रहा है। 45 हजार के दान पर सरकार देगी 67 हजार रु. का अतिरिक्त बजट: समग्र शिक्षा के कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि योजना के नियमानुसार प्राप्त 45 हजार रु. की राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 67 हजार रु. का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस राशि से स्कूल में कंप्यूटर, प्रिंटर और विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक संसाधन जुटाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक शिवचरण मीना उपस्थित रहे।