भास्कर न्यूज | भाड़ौती लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर सुरवाल गांव के पास गुरुवार रात करीब 10 बजे बजरी से भरा ट्रेलर डिवाइडर को तोड़ते हुए अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेलर के नीचे दबने से हाइवे पर बैठे गोवंश की मौत हो गई जबकि दो गोवंश घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण हाइवे पर बजरी से भरे वाहनों के लगातार संचालन और गोवंश की मौत को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि बनास नदी से बजरी भरकर एक ट्रेलर तेज रफ्तार में सवाई माधोपुर की तरफ जा रहा था। सूरवाल बाइपास घुमाव पर बजरी से भरा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर को तोड़ते हुए पलट गया। गनीमत यह रही कि पास का मकान बच गया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन ट्रेलर के नीचे गोवंश दबने से मौत हो गई। ट्रेलर पलटने के बाद धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण बाहर आए। सूरवाल पुलिस भी मौके पर पहुंची। ट्रेलर पलटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को खरी-खोटी सुनाई और पलटे हुए बजरी से भरे ट्रेलर को मौके से ले जाने से रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि अवैध बजरी खनन एवं परिवहन पर रोक के बावजूद हाइवे पर बजरी के वाहन धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाइवे पर पुलिस की गश्त टीम मौजूद रहने के बावजूद बजरी के वाहन निकल रहे हैं। थानाधिकारी पहुंचे, 20 मिनट समझाइश के बाद माने ग्रामीण मामला बढ़ता देख सूरवाल थानाधिकारी राकेश शर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। करीब 20 मिनट की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस को ट्रेलर हटाने दिया। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन से पलटे हुए ट्रेलर को थाने में लाकर खड़ा कराया। ग्रामीण बोले, लगातार हो रहे हादसे, फिर भी प्रशासन ने साध रखा मौन ग्रामीणों ने बताया कि बजरी से भरे वाहनों के कारण हाइवे पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाइवे पर बैठे गोवंश भी इन वाहनों की चपेट में आ रहे हैं। हाल ही सूरवाल क्षेत्र में भी बजरी से भरा वाहन पलटा था। उस वक्त मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि वाहन की चपेट में कोई व्यक्ति आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। मीणों ने पुलिस प्रशासन से हाइवे पर बजरी वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने, गश्त व्यवस्था की जांच करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कोई विरोध-प्रदर्शन नहीं हुआ : थानाधिकारी बजरी का ट्रेलर पलटा था। कोई विरोध-प्रदर्शन नहीं हुआ, कुछ लोग हंगामा कर रहे थे। ट्रेलर को थाने में लाकर खड़ा करवा दिया है। बजरी की एमडीआर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।