ग्राम पंचायत पचीपल्या के रैगर मोहल्ले में सड़क निर्माण में ग्राम पंचायत सरपंच एवं ठेकेदार की मिलीभगत से घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि रैगर मोहल्ले में फौजी की दुकान से जयकिशन के मकान तक सड़क निर्माण हो रहा है। इसमें सरपंच तथा ठेकेदार की मिलीभगत से घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। सड़क निर्माण में बजरी की जगह मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों के विरोध करने पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। आगे निर्माण कार्य करने से इनकार कर दिया गया। इसी तरह रैगर मोहल्ले में शंकर बाली के मकान से मंगलचंद के मकान तक सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। घटिया निर्माण के चलते रैगर मोहल्ले में मुन्ना हरिजन के मकान से बीरबल गुर्जर के मकान तक सड़क दो माह में ही उखड़ गई। पचीपल्या में आवास के नाम पर लोगों से 10-20 हजार रुपए की अवैध वसूली की जा रही है। ग्रामीणों ने घटिया सड़क निर्माण की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की भी मांग की है। साथ ही आवास के नाम पर अवैध वसूली के मामले में कमेटी बनाकर जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अनीता, कान्ता देवी, उषा देवी, रेखा देवी, शकुंतला देवी, कमला, गुड्डी देवी, रेखा देवी, शीला देवी, मूली देवी, केदार रेगर, उप सरपंच, रामगोपाल वर्मा, किरोड़ी वर्मा, दिनेश वर्मा, बबलू, अनिल गुणसरिया, राहुल, जीतू, सुनील, संतोष, मुकेश, महेंद्र, दिनेश, किरण, हंसराज, रामकिशोर, कन्हैया, हरिमोहन, रुक्मणी, प्रेम, रामपति, महेंद्र वर्मा, गजानंद, शकुंतला, विनोद, रोहित, दिलीप, दीपक वर्मा, गुलाब आदि लोग उपस्थित रहे।