राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड जिला मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में विराटनगर के बाणगंगा स्थित कपासन माता मंदिर परिसर में जिला स्तरीय राज्य पुरस्कार स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। स्थानीय संघ विराटनगर के सौजन्य से हुए पांच दिवसीय शिविर में पावटा, विराटनगर, शाहपुरा और कोटपूतली क्षेत्र के करीब 200 संभागियों ने भाग लिया। सैद्धांतिक और प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया शिविर में संभागियों को राज्य पुरस्कार के निर्धारित पाठ्यक्रम के तहत विभिन्न विषयों का सैद्धांतिक और प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला स्काउट गाइड अधिकारी शरद शर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में स्काउटिंग का इतिहास एवं उद्देश्य, स्काउट प्रतिज्ञा व नियम, ध्वज शिष्टाचार, प्रार्थना, गांठ एवं बंधन, प्राथमिक सहायता, दिशा ज्ञान, संकेत एवं अनुमान, कैंपिंग, हाइक एवं हाइक रिपोर्ट, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, आपदा प्रबंधन, अनुशासन और नेतृत्व जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। स्काउट की गतिविधियों का अभ्यास कराया प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न गांठों एवं बंधनों का अभ्यास कराने के साथ प्राथमिक सहायता की व्यावहारिक जानकारी दी गई। दिशा ज्ञान, तंबू निर्माण, शिविर व्यवस्था, ध्वज संचालन और अन्य स्काउटिंग गतिविधियों का भी अभ्यास कराया गया। इसके अलावा लॉग बुक भरने, आवश्यक प्रपत्रों के संधारण और राज्य पुरस्कार के लिए जरूरी गतिविधियों व अभिलेखों की जानकारी दी गई। शिविर में प्यारे लाल महला, हितेश योगी, नत्थू लाल, सीताराम गुप्ता, राजवीर यादव, अतुल कुमार आर्य, विक्रम कुमावत, चंद्रपाल, गोपाल लाल रेगर, रामगोपाल सैनी और श्रीराम गुर्जर सहित प्रशिक्षकों ने सेवाएं दीं। रोवर एवं रेंजर ने भी शिविर की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण गतिविधियों में सहयोग किया। समाज सेवा को जीवन में अपनाने का आह्लान स्थानीय संघ विराटनगर के प्रधान रवि मीणा और कार्यकारिणी अध्यक्ष बंशीधर गुर्जर ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने संभागियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखे कौशल को अपने जीवन में अपनाने और समाज सेवा में उनका उपयोग करने का आह्वान किया।