जयपुर नगर निगम की सत्ता किस पीढ़ी की पसंद से तय होगी? युवा या बुजुर्ग? शहर के 11 वार्ड ऐसे हैं, जहां इसका जवाब लगभग ‘दोनों’ है। इन वार्डों में 18 से 25 वर्ष के युवा और 60 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। कहीं दोनों के बीच सिर्फ 4 वोट का अंतर है तो कहीं 53 का। भास्कर ने निगम के सभी 150 वार्डों की मतदाता सूची का आयुवार विश्लेषण किया। उनमें से 11 वार्डों में 25,173 युवा मतदाता और 25,359 वरिष्ठ मतदाता हैं। इन दोनों पीढ़ियों के बीच अंतर सिर्फ 186 वोट का है। सात वार्डों में बुजुर्गों की संख्या युवाओं से अधिक है, जबकि 4 में युवा आगे हैं। वार्ड-63 में तीन पीढ़ियों में सिर्फ 53 वोट का फासला इन आंकड़ों का सीधा अर्थ है कि कई वार्डों में प्रत्याशी के सामने एक ही समय तीन अलग आयु वर्ग के मतदाता होंगे और तीनों की संख्या लगभग बराबर होगी। कहीं 31 हजार वोटरों को साधना है, तो कहीं 5 हजार भी नहीं है पीढ़ियों के गणित के साथ वार्डों की कुल मतदाता संख्या भी बड़ा अंतर दिखाती है। वार्ड-26 में करीब 31 हजार मतदाता हैं, जबकि वार्ड-93 में सिर्फ 4,883, यानी दोनों वार्डों के मतदाताओं में 26,117 का अंतर और आकार में करीब 6.3 गुना फर्क है।