निकाय चुनाव से पहले दूसरे दिन दैनिक भास्कर डिजिटल ने वार्ड संख्या 6 से 10 में पहुंचकर हालात देखे। लोगों से मुलाकात कर उनके वार्ड की समस्याओं और मुद्दों के बारे में जाना। इन वार्डवासियों की समस्याएं भी दूसरे वार्डों के लोगों जैसी ही थीं। कोई गलियों में घूमने वाले मवेशियों से परेशान था तो किसी ने अतिक्रमण के कारण संकरी हुई गलियों को लेकर नाराजगी जताई। किसी ने टूटी सड़कों और बदहाल नालियों की समस्या बताई तो किसी ने सीवरेज को वार्डवासियों के लिए नासूर बताया। वार्ड 6 : गलियों में मवेशियों का जमावड़ा, सीवरेज ओवरफ्लो पाली शहर के वार्ड संख्या 6 के पंचम नगर सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान पंचम नगर निवासी गोविंद सैन ने बताया कि उनके क्षेत्र की गलियों में मवेशी घूमते रहते हैं। ऐसे में बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर लगता है। दूसरी बड़ी समस्या तेज रफ्तार बाइक सवारों की है, जो गलियों से तेज गति से निकलते हैं। इससे हादसे का डर बना रहता है। लोगों ने बताया कि कई लोगों ने घरों के आगे अतिक्रमण कर रखा है। इससे 10 फीट चौड़ी सड़क और संकरी हो गई है। ऐसे में वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी होती है। सड़क पर फैलता है सीवरेज का गंदा पानी इसी वार्ड के रहने वाले दिपेश पाराशर ने बताया कि वार्ड की प्रमुख समस्याओं में से एक सीवरेज की है। होदियां आए दिन ओवरफ्लो होती रहती हैं और उनका गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। इसके बावजूद होदियों की सफाई को लेकर निगम कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करता। उन्होंने कहा कि जिन्हें हमारा वोट चाहिए, वे पहले सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान का अपना प्लान बताएं। वार्ड 7 : जर्जर नाला, गंदे पानी-बदबू से लोग परेशान पाली शहर के वार्ड संख्या 7 के शेखावत नगर निवासी जगदीशसिंह राजपुरोहित बताते हैं कि चादर वाले बालाजी से होकर बांडी नदी की तरफ जाने वाला नाला उनके वार्ड क्षेत्र से भी गुजरता है। यह नाला नासूर बन चुका है। इसमें जगह-जगह अवरोध हैं, जिससे गंदा पानी भरा रहता है। बदबू के कारण लोगों का हाल बेहाल है। आसपास के मकानों की नींव भी कमजोर हो रही है। जगदीशसिंह ने बताया कि नाले की सफाई के साथ इसकी मरम्मत भी करवाई जानी चाहिए, ताकि लोगों को सालों पुरानी इस समस्या से राहत मिल सके। इसी वार्ड के रहने वाले रमेश कुमावत बताते हैं कि सड़कों पर घूम रहे मवेशी लोगों के लिए आफत बने हुए हैं। कई बार मवेशी आपस में झगड़ते हुए बाइक से टकरा जाते हैं, जिससे हादसे होते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा पार्षद चाहिए, जो लोगों को मवेशियों की समस्या से निजात दिला सके। वार्ड 8 : ‘चुनाव के बाद पार्षद नहीं आते, पानी की सप्लाई भी कम’ पाली शहर के वार्ड संख्या 8 के मोहन नगर निवासी पूरणसिंह क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नाराज नजर आए। उन्होंने कहा कि पार्षद चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं, लेकिन चुनाव के बाद बुलाने पर भी नहीं आते। क्षेत्र में पानी की सप्लाई भी पर्याप्त नहीं होती। बिजली कटौती से भी लोग खासे परेशान हैं। क्षेत्र के रामचंद्र वैष्णव ने बताया कि वार्ड की ज्यादातर गलियों में सड़कें कच्ची हैं। उनका कहना है कि पांच साल के कार्यकाल में पार्षद ने नाममात्र का काम किया है। वार्ड 9 : गार्डन में सफाई नहीं होती, खाली फ्लैटों में बैठे रहते हैं नशेड़ी शहर के वार्ड संख्या 9 की शहीद भगतसिंह कॉलोनी निवासी चंपादेवी ने बताया कि उनके मोहल्ले की सुध लेने कोई नहीं आता। आए दिन झगड़े होते रहते हैं। नशा करने वाले लोग खाली फ्लैटों में बैठे रहते हैं। सीवरेज की होदियां भी ओवरफ्लो होती रहती हैं, लेकिन उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। गार्डन है, सफाई नहीं; खेलने में होती है परेशानी इसी मोहल्ले के स्टूडेंट रितेश ने बताया कि उनके मोहल्ले में गार्डन तो है, लेकिन वहां सफाई नहीं होती। गंदगी के कारण बच्चों को खेलने में परेशानी होती है। चोरियों की शिकायत, साफ-सफाई व्यवस्था भी बदहाल विजेंद्र जीनगर का कहना है कि शहीद भगतसिंह आवासीय कॉलोनी में चोरियां खूब होती हैं। साफ-सफाई की व्यवस्था भी न के बराबर है। उन्होंने कहा कि लोग इन समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। वार्ड 10 : सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप निर्मलादेवी ने कहा कि हमें तो सिर्फ सीवरेज की ओवरफ्लो हो रही होदियों से निजात दिला दो, और कुछ नहीं चाहिए। समस्याएं तो बहुत हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होती। इसी मोहल्ले के रहने वाले कन्हैयालाल चौहान ने बताया कि नालियों की ढंग से सफाई नहीं होती। इनमें गंदा पानी जमा रहने से मच्छर पनप रहे हैं, जिससे लोगों के बीमार होने का खतरा बना हुआ है। --- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … वार्डवासी बोले-सिर्फ वोट मांगने आते हैं, फिर दिखते नहीं:दैनिक भास्कर वार्ड परिक्रमा में वार्ड 1 से 5 का हाल; टूटी नालियां, गंदगी से परेशानी नगर निगम चुनाव सिर पर है। शहर की जनता किन समस्याओं से परेशान है और इस बार जिसे अपना वोट देगी। उनसे क्या उम्मीद रखती है यह जानने के लिए भास्कर डिजिटल टीम ग्राउंड पर उतरी। पढ़ें पूरी खबर