शहर की पदम विहार, रुद्र नगर, सूरौता विहार, गोलपुरा, राधा नगर, गणेश नगर सहित विभिन्न कॉलोनियों में जलभराव और बदहाल रास्तों की समस्या बनी हुई है। इसे लेकर युवा जाट समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने और समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। समिति अध्यक्ष शक्ति सिंह सूरौता एडवोकेट ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर पूर्व में भी वर्तमान विधायक डॉ. सुभाष गर्ग से शिकायत कर समाधान की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उत्कर्ष फौजदार ने बताया कि कॉलोनियों में जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान राकेश, जगवीर सिंह, जीतेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह, विकास कुमार, आदित्य फौजदार सहित समिति के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।