शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली वारदात कोतवाली थाने से करीब 100 मीटर दूर हुई। कमला रोड पर 8 साल के भतीजे को स्कूल से लेकर घर लौट रहे कपिल गर्ग पर तीन युवकों ने बीच सड़क हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी, फिर कपिल को धक्का देकर सड़क पर गिराया और कड़े से उसके चेहरे और सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घटना की सबसे अहम और चिंताजनक बात यह रही कि जब तीनों हमलावर युवक को बेरहमी से पीट रहे थे, उस समय आसपास दुकानदार और राहगीर मौजूद थे। लोग पूरी घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव कर युवक को बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान उसकी जेब में रखे 8300 रुपए भी छीन लिए गए। घटना 21 अगस्त की है, लेकिन चार दिन बाद भी तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। कमला रोड निवासी कपिल गर्ग (35) ने कोतवाली थाने में दर्ज एफआईआर में बताया कि 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे वह अपने 8 वर्षीय भतीजे को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में राकेश फैंसी स्टोर के पास राहुल, आवेश और कौशल तेज रफ्तार स्कूटी से आए और उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। कपिल ने सिर्फ इतना कहा कि "भाई, स्कूटी देखकर और धीरे चलाओ।" इसी बात पर तीनों युवक भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक कपिल को घेरकर पीट रहे हैं, जबकि एक आरोपी उसके चेहरे और सिर पर कड़े से वार करता है। हमला करने के बाद तीनों युवक स्कूटी से भाग जाते हैं।