गोनेर स्थित लक्ष्मी जगदीश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाया शौचालय 8 साल से ताले में बंद है। जेडीए ने वर्ष 2017 निर्माण शुरू किया था, जो 2018 में पूरा हो गया था। इसके बाद जेडीए ने इसे गोनेर ग्राम पंचायत को सौंप दिया था। तब से अब तक शौचालय पर ताला लटका है। अब गोनेर नगर निगम जयपुर के वार्ड-61 में शामिल हो चुका है, लेकिन जिम्मेदारी बदलने के बावजूद शौचालय शुरू नहीं हुआ। गेट पर जंग लगा ताला और परिसर में उगी झाड़ियां ग्राम पंचायत लापरवाही को उजागर कर रही हैं। ऐसे में लोग पंचायत की कार्यशैली पर भी प्रश्न उठने लगे हैं। परिसर में 8 शौचालय, 7 पुरुष और 4 महिला टॉयलेट तथा 4 स्नानघर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण का गारंटी पीरियड करीब तीन साल पहले खत्म हो चुका है, लेकिन सुविधा अब तक शुरू नहीं हुई। धार्मिक आयोजनों, त्योहारों, शनिवार-रविवार, एकादशी और पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की संख्या 25-30 हजार हो जाती है। ऐसे में शौचालय बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिला श्रद्धालुओं और बुजुर्गों को हो रही है। राधेश्याम शर्मा, हरिनारायण शर्मा और राजेंद्र का कहना है कि शौचालय बंद होने से लोग मजबूरी में खुले में निवृत्त होते हैं। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि निगम को जिम्मेदारी तय कर इस सुविधा का संचालन शुरू करना चाहिए। शौचालय की स्थिति की जांच करवाई जाएगी। यदि मरम्मत की जरूरत होगी, तो सही करवाकर चालू करवाया जाएगा। -अर्पणा शर्मा, जोन डीसी, जगतपुरा, नगर निगम