राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने सोमवार को बोर्ड बैठक में 10644 पदों की एलडीसी भर्ती के परिणाम का अनुमोदन किया। तीन गुना यानी 31800 अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट के लिए सूचीबद्ध किया है। अब दिसंबर के अंत में टाइपिंग टेस्ट शुरू होने के आसार हैं। अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर परिणाम देख सकते हैं। भास्कर ने 23 सितंबर को खबर प्रकाशित कर बता दिया था कि परिणाम 28 सितंबर को आ सकता है। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज का कहना है कि परिणाम तैयार तो कर लिया था, लेकिन निकाय चुनाव की आचार संहिता के कारण जारी नहीं किया। सोमवार को बैठक में परिणाम का अनुमोदन किया गया। बोर्ड दिसंबर अंत तक टाइपिंग टेस्ट शुरू करेगा। फिर प्रारंभिक परिणाम जारी होगा। दस्तावेज सत्यापन और पात्रता जांच होगी। यह काम पूरा होने के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी। 2.50 लाख अभ्यर्थी हुए थे उत्तीर्ण, 31800 शॉर्ट लिस्ट चयन बोर्ड ने जनवरी 2026 में 10644 पदों पर भर्ती निकाली थी। 5 जुलाई को परीक्षा हुई। इसमें दो पेपर हुए थे। भर्ती के लिए 5.81 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 4.45 लाख ने परीक्षा दी। 2.50 लाख अभ्यर्थियों ने दोनों प्रश्न पत्रों में अलग-अलग 40 प्रतिशत अंक (एससी-एसटी को 5 प्रतिशत की छूट) प्राप्त किए। मेरिट के आधार पर 31800 अभ्यर्थी टाइपिंग टेस्ट के लिए सूचीबद्ध हुए हैं।