भंवरगढ़| अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर रविवार को ग्राम पंचायत बिलासगढ़ में दूसरा दशक परियोजना की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें भाग लेने वाली करीब 35 बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकारों को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंचायत सचिव देवकिशन थे। समुदाय से रामरतन सहरिया मौजूद रहे। प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार, सी. फेलो जवाहर लाल, फेलो कैलाश ने बालिकाओं को अधिकार बताए। शिक्षा का महत्व समझाया। स्वास्थ्य, सुरक्षा, समान अवसरों पर बात हुई। आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया। प्रतिभा को आगे लाने की बात कही गई। लैंगिक समानता पर चर्चा हुई। बालिकाओं को कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना की जानकारी दी गई। परिवहन वाउचर योजना बताई गई। अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना पर भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बाल विवाह का अर्थ समझाते हुए दुष्परिणाम बताए। देवकिशन और रामरतन सहरिया ने कहा कि बालिकाएं समाज और देश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा का मौका मिलना चाहिए। जीवन से जुड़े फैसले लेने का अधिकार मिलना चाहिए। आगे बढ़ने के समान अवसर जरूरी हैं। बाल विवाह जैसी कुरीतियों को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी बताए। कार्यक्रम में बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों के संरक्षण का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा और समान अवसरों से सशक्त समाज का संदेश देना था।