भास्कर न्यूज | सिवाना गुड़ामालानी के रामजी का गोल निवासी भगवानदास की कुछ समय पहले बाइक दुर्घटना में गंभीर घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उनके निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए वैष्णव समाजबंधुओं ने सहयोग के लिए पहल की। आपसी सहयोग से 50 हजार रुपए एकत्रित कर परिवार को सुपुर्द किए। इसके साथ ही श्री वैष्णव जनकल्याण सेवा समिति सिवाना की ओर से समाजहित में संचालित श्री वैष्णव समाज विवाह सहयोग योजना के तहत भगवानदास की बेटी के विवाह के लिए निशुल्क आवेदन करवाया गया। संस्था की ओर से नियमानुसार बेटी के विवाह के समय योजना के तहत आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।