पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति की ओर से 6 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 20 सितंबर से होगी। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्य आयोजन होगा। समिति की ओर से हर वर्ष दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके सामाजिक-राष्ट्रवादी चिंतन को केंद्र में रखकर विभिन्न कार्यक्रम किए जाते हैं। धानक्या को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति से जुड़े प्रमुख स्थलों में माना जाता है। इस बार आयोजन को अलग-अलग वर्गों से जोड़ते हुए महिला, शिक्षा-ज्ञान परंपरा, किसान और ग्रामीण समाज केंद्रित कार्यक्रम रखे गए हैं। 20 सितंबर : महिला संगोष्ठी से शुरुआत: सात दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 20 सितंबर को महिला संगोष्ठी से होगी। इसमें केंद्रीय मंत्री रह चुकीं स्मृति ईरानी और प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी शामिल होंगी। महिला सशक्तीकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। 21-22 सितंबर: भारतीय ज्ञान परंपरा पर मंथन: 21 और 22 सितंबर को केंद्रीय संस्कृत यूनिवर्सिटी जयपुर में भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें शिक्षा, संस्कृति और भारतीय चिंतन पर विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श होगा। संगोष्ठी में संघ के अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख नंद कुमार प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन सत्र में संघ के क्षेत्र प्रचारक निंबाराम मौजूद रहेंगे। 23 से 25 सितंबर : धानक्या में विशाल मेला: कार्यक्रम का सबसे बड़ा हिस्सा 23, 24 और 25 सितंबर को धानक्या में आयोजित विशाल मेले के रूप में होगा। इसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की तैयारी है। संघ और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी भी रहेगी। 23 सितंबर को मेले का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी करेंगी। इसके बाद 24 सितंबर को किसान सम्मेलन होगा, जिसमें कृषि एवं किसान मुद्दों पर चर्चा होगी।