घाटोली पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार कर 7.09 ग्राम अवैध स्मैक, 300 ग्राम स्मैक बिक्री से मिली 7 लाख 68 हजार रुपए की नकदी और तस्करी में इस्तेमाल लग्जरी कार जब्त की है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए कार की पिछली सीट के कवर के नीचे लोहे का बॉक्स बनाकर उसमें स्मैक छिपा रखी थी। पुलिस अब आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि घाटोली थाना प्रभारी रामस्वरूप राठौर के नेतृत्व में टीम ने 28 सितंबर की रात गश्त और नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया। नाकाबंदी के दौरान नानाखेड़ा तिराहे से घाटोली की ओर एक काले रंग की लग्जरी कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक नाकाबंदी तोड़ते हुए कार भगाकर ले गया। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को डिटेन किया और नियमानुसार तलाशी ली। इसमें पारदर्शी पॉलीथिन में 7.09 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने कार में सवार आरोपी तस्कर मुकेश तंवर (24), कैलाश तंवर (26), दिनेश तंवर (20) और बबलू तंवर (22) को गिरफ्तार किया है।