चूरू | ग्रामीण व कस्बा क्षेत्रों में 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए चिकित्सा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने प्रथम चरण में प्रदेश के 41 की सीएचसी का चयन कर उन्हें आयुष्मान मॉडल सीएचसी के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। इसमें बीदासर सीएचसी भी शामिल है। सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि बीदासर सीएचसी में आधुनिक संसाधन जुटाने पर 97.10 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके बाद सीएचसी में 24 घंटे आपातकालीन और प्रसव सुविधाओं के साथ-साथ जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री रोग, शिशु रोग, दंत रोग और आयुष विशेषज्ञ की सेवाएं मिलेंगी। सप्ताह में एक दिन नेत्र विशेषज्ञ की सेवा मिलेगी। मरीजों को निशुल्क जांच योजना के तहत 37 प्रकार की पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांचें यथा सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, ईसीजी व एक्स-रे और 632 प्रकार की दवाएं व सर्जिकल सामान पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध होगा। अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन, ईसीजी, एनेस्थीसिया मशीन, सोनोग्राफी और मल्टी-पैरा मॉनिटर जैसे अत्याधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन और काउंसलर सहित कुल 21 से अधिक पदों पर निर्धारित स्टाफ तैनात रहेगा। सभी कार्मिक अनिवार्य रूप से निर्धारित यूनिफॉर्म और आईडी कार्ड में सेवाएं देंगे।