नेशनल हाइवे-148डी पर दुकान से घर जाने के दौरान किनारे पर रुके व्यापारी को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान भार मलखेड़ा दुर्गापुर निवासी कालूलाल मीणा (42) पुत्र रामकिशन के रूप में हुई। कालूलाल मीणा बुधवार शाम बूंदी का गोठड़ा में अपनी खाद-बीज की दुकान से अपने गांव जा रहा था। दुर्गापुर के नजदीक सड़क किनारे खड़े साथी लेखराज मीणा से बात करने के लिए वह रुका था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। लेखराज मीणा ने ग्रामीणों और परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। ग्रामीण और परिजन 108 एंबुलेंस से घायल को हिंडौली अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दबलाना पुलिस ने अस्पताल में आकर शव को मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।