राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के तहत चंडेला, आबूरोड ब्लॉक में 7 से 10 अक्टूबर तक विजन बिल्डिंग एक्सरसाइज प्रशिक्षण का समापन हुआ। सूरज राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति लिमिटेड में हुए इस प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर मधु साहू ने किया। इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण में महिलाओं की आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने और महिला नेतृत्व विकास पर चर्चा हुई। अगले 5 सालों के लिए आय बढ़ाना, नशामुक्ति अभियान, कृषि व पशुपालन में नई तकनीकों का उपयोग और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना जैसी प्राथमिकताएं तय की गईं। समापन पर जिला परियोजना प्रबंधक खंगारा राम देवासी ने महिलाओं को सामूहिक प्रयास करने और अपनी संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने अगले 5 साल के लक्ष्यों को पाने की प्रतिबद्धता जताई।