अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद लॉरेंस गैंग के दो गैंगस्टरों ने अपने-अपने बैरक के CCTV कैमरे तोड़ दिए। जेल प्रशासन की ओर से सिविल लाइंस थाने में दोनों बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जेल प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, 22 सितंबर की रात बैरक नंबर-1 के ब्लॉक नंबर-1 की सेल नंबर 3 और 5 के CCTV कैमरे गायब मिले। सूचना पर जेल अधिकारियों ने जांच की तो दोनों कैमरे मौके पर नहीं थे। बाद में ब्लॉक की छत पर CCTV कैमरों के हिस्से मिले। कंट्रोल रूम में दोनों कैमरों की पुरानी रिकॉर्डिंग देखने पर घटना का पता चला। बंदी शौचालय की दीवार पर चढ़ता दिखा रिकॉर्डिंग में बंदी सुमित कुमार सेल नंबर-3 के शौचालय की दीवार पर चढ़ता नजर आया। रिकॉर्डिंग के अनुसार 4 सितंबर को सुबह करीब 7.15 बजे तक कैमरा चालू था, इसके बाद उसकी रिकॉर्डिंग बंद हो गई। इसी तरह सेल नंबर-5 का कैमरा सुबह करीब 7.12 बजे तक रिकॉर्डिंग कर रहा था। फुटेज में सुमित कुमार के हाथ में मौजूद पत्थर CCTV कैमरे की तरफ फेंकते हुए दिखाई दिया है। इसके बाद दूसरा बंदी रामबीर पुत्र सत्यवीर भी सेल में आता दिखाई दिया। कुछ देर बाद सुमित शौचालय की दीवार पर चढ़कर कैमरे के पास पहुंचने की कोशिश करता नजर आया और इसके बाद कैमरे की रिकॉर्डिंग बंद हो गई। जेल प्रशासन ने रिपोर्ट में दोनों बंदियों पर राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और राजकार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह खबर भी पढ़ें..... गैंगस्टर-लॉरेंस से मिलने के लिए 20-दिन भूखे रहे थे कैदी:* हाई सिक्योरिटी जेल में ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं खूंखार क्रिमिनल, गर्लफ्रेंड से भी बात करते हैं