अजमेर में ट्रेलर सर्विस की आड़ में डोडा-पोस्त की तस्करी करने वालों के खिलाफ अजमेर पुलिस ने लगातार दो बड़ी कार्रवाई की हैं। जिला स्पेशल टीम और भिनाय थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 27.690 किलो डोडा-पोस्त, 99 ग्राम अफीम और 2 लाख 29 हजार 900 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस ने दोनों मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एक महिंद्रा एसयूवी भी जब्त की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भिनाय क्षेत्र में डोडा-पोस्त का अवैध कारोबार किया जा रहा है। होटल के पास ऑफिस में बैठे मिले तीन युवक पुलिस टीम ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए सिंगावल पुलिया से पहले सीकर होटल के पास ट्रेलर सर्विस के ऑफिस पर दबिश दी। ऑफिस में तीन युवक मिले। पूछताछ में उनकी पहचान नाथूलाल गुर्जर (25), छोटूलाल गुर्जर (22) और कालू गुर्जर (34) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दो काले रंग के कट्टों में कुल 23.560 किलो डोडा-पोस्त मिला। एक काले रंग की प्लास्टिक थैली में 99 ग्राम अफीम बरामद हुई। मौके से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के 2 लाख 22 हजार 600 रुपए नकद भी मिले। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। हाईवे पर सफेद कट्टा लेकर खड़ा था आरोपी दूसरी कार्रवाई में पुलिस को भिनाय थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव के पास हाईवे पर एक व्यक्ति द्वारा डोडा-पोस्त की खरीद-फरोख्त करने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। उसके हाथ में सफेद रंग का कट्टा था। पूछताछ में उसने अपना नाम शैतान रावत (45), निवासी खेड़ी बताया। कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें 4 किलो 130 ग्राम डोडा-पोस्त मिला। पुलिस ने मौके से 7,300 रुपए नकद भी बरामद किए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार दोनों कार्रवाई में बरामद अवैध मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 6.57 लाख रुपए है। पुलिस अब आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद, सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।