अजमेर बस स्टैंड के सामने बाइक सवार होमगार्ड ने रोडवेज बस के ड्राइवर के सिर पर हेलमेट मार दिया। इसके बाद ड्राइवर ने बस रोक दी और सवारियां नीचे उतर गई। अन्य रोडवेज बसें भी मौके पर रोक दी गई। इससे वहां पर जाम के हालात बन गए। सूचना के बाद मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस पहुंची। इस दौरान करीब आधे घंटे तक हंगामा चला। पुलिस ने जाम खुलवाया। पीड़ित ड्राइवर व हंगामा कर रही एक सवारी को सिविल लाइन थाने ले गए। फिलहाल किसी पक्ष ने कोई रिपोर्ट नहीं दी है। घटना बुधवार दोपहर करीब साढे़ तीन बजे की है। बस के बाइक से टच हो जाने से गुस्साए होमगार्ड ने मारपीट की थी। ड्राइवर ने दिखाई चोट, मौके पर दिखे एडिशनल एसपी ग्रामीण एडिशनल एसपी ग्रामीण लालचंद बिना वर्दी के मौके पर नजर आए। इस दौरान भीड़ ने कुछ बोला तो वे कहने लगे कि मैं एडिशनल एसपी हूं। दोसा डिपो के घायल ड्राइवर भगवानसिंह ने अपनी चोट भी दिखाई और आरोप लगाया कि पुलिस की ड्रेस में बाइक सवार ने मारपीट की। बाद में मौके से चला गया। हंगामा कर रही एक सवारी को पकड़ा, थाने लाए सिविल लाइन थाना प्रभारी शम्भूसिंह ने बताया- ड्राइवर व अन्य लोगों को समझा दिया था, लेकिन एक सवारी कुछ ज्यादा ही हंगामा कर रही थी। उसे बड़ी मुश्किल से काबू कर जीप में बैठाया और थाने लेकर आए। फिलहाल ड्राइवर की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है और रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक मैनेजर विकास बोरा ने बताया- दौसा डिपो की बस थी और चालक से मारपीट की गई। इसकी पुलिस जांच कर रही है।