अजमेर में मानसून कमजोर पड़ने के साथ गुरुवार सुबह से धूप निकलने के कारण गर्मी और उमस का असर बढ़ गया। मौसम में नमी होने के बावजूद बारिश की गतिविधियां कम हैं। जिले में अब तक 426.2 मिमी बारिश सामान्य मानी गई थी, जबकि 452.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। यानी सामान्य से 26.2 मिमी यानी करीब 6.15% अधिक बारिश हुई है। 14 सितंबर तक बारिश के आसार कम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 14 सितंबर के दौरान जिले में बारिश की गतिविधियां कम रहने के आसार हैं। सप्ताह के अधिकांश दिनों में मौसम शुष्क रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना रहेगी, लेकिन व्यापक स्तर पर बारिश होने के आसार कम हैं। बारिश नहीं होने और धूप निकलने से गर्मी के साथ उमस का असर बना रह सकता है। तीसरे सप्ताह के अंत में बन सकता है सिस्टम 15 से 21 सितंबर के दौरान सप्ताह की शुरुआत में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि सप्ताह के अंतिम दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तीसरे सप्ताह के अंत और चौथे सप्ताह की शुरुआत में बारिश का नया दौर बनने की संभावना है। इससे जिले के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 22 सितंबर के बाद फिर शुष्क मौसम 22 से 30 सितंबर के दौरान जिले में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। महीने के अंतिम दिनों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने से सितंबर में कुल बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। ऐसे में महीने के बचे दिनों में बारिश के कुछ ही सक्रिय दौर मिलने के आसार हैं।