अजमेर में गुरुवार को दिनभर मौसम बदला हुआ रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। इससे मौसम में ठंडक बनी रही। हालांकि, दोपहर में कुछ देर धूप निकलने से गर्मी और उमस ने परेशान किया। इसके बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कई देर तक हुई तेज बारिश के बाद रात तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। शाम की तेज बारिश में 29.7 मिमी पानी मौसम विभाग के अनुसार अजमेर में गुरुवार को 29.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज हवा के साथ हुई बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। बारिश का दौर देर रात तक रुक-रुककर जारी रहा। बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। नालों का पानी बाहर आने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कई जगह वाहन ड्राइवर्स को भी पानी के बीच से गुजरना पड़ा। बारिश ने ड्रेनेज सिस्टम की खोली पोल तेज बारिश के बाद शहर में नगर निगम की व्यवस्थाओं की भी पोल खुलती नजर आई। कई सड़कों पर जलभराव होने और नालों का पानी बाहर आने से लोगों को परेशानी हुई। कुछ इलाकों में पानी जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगले दिन भी बारिश की संभावना बनी हुई है। 494 मिमी बारिश, सामान्य से 53.2 मिमी ज्यादा अजमेर में इस मानसून सीजन में अब तक 494.0 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 440.8 मिमी मानी जाती है। इस तरह अजमेर में सामान्य से 53.2 मिमी अधिक बारिश हो चुकी है। यानी बारिश का आंकड़ा सामान्य से 12.07% अधिक है। गुरुवार को हुई 29.7 मिमी बारिश के बाद सीजन की कुल बारिश का आंकड़ा 523.3 मिमी तक पहुंच गया है।